




अभिनव न्यूज़, बीकानेर। पाकिस्तान से सटे राज्यों में कल यानी गुरुवार की शाम मॉक ड्रिल होगी। इनमें जम्मू-कश्मीर, गुजरात, पंजाब और राजस्थान शामिल हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
इससे पहले 7 मई को देश के 244 जिलों में मॉक ड्रिल हुई थी। इसमें नागरिकों को हमले के दौरान खुद को बचाने की ट्रेनिंग दी गई। यह इसलिए किया गया ताकि युद्ध की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
देश में पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में हुई थी। तब भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ था। यह मॉक ड्रिल युद्ध के दौरान हुई थी।
दरअसल, 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई को भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाक में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। सेना ने 100 आतंकियों को मार गिराया था। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बना हुआ है।
केंद्र सरकार के निर्देश के बाद राजस्थान में मॉक ड्रिल को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजेंगे। इसके साथ ही इमरजेंसी व्यवस्थाओं को भी जांचा जाएगा।
इसके लिए सभी जिलों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं। पाकिस्तानी बॉर्डर से लगते जिलों में मॉक ड्रिल के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं।
जोधपुर कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया- गुरुवार को जोधपुर में भी मॉक ड्रिल होगी। हालांकि अभी समय तय नहीं किया गया है।