




अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे।
यात्रियों में 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था। हादसे की जगह से अब तक 100 शव निकाले जाने की खबर है।
प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक 15 डॉक्टर घायल हो गए हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह क्रैश हो गई।
जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
2020 में एअर इंडिया एक्सप्रेस प्लेन क्रैश हुआ था, 21 की मौत
केरल के कोझिकोड में 7 अगस्त 2020 को एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया था। इसमें 21 यात्रियों की मौत हुई थी, जबकि 110 लोग घायल हुए थे। इसमें कोरोना के दौरान वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारतीयों को लाया जा रहा था।
पायलट ने आखिरी समय पर Mayday कॉल किया था
विमान के पायलट सुमित सुब्बरवाल ने आखिरी मौके पर मे-डे (May day) कॉल दिया था। यह एक अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन कॉल है, जिसे पायलट उस स्थिति में भेजता है जब विमान गंभीर संकट में हो और उसे इमरजेंसी हेल्प की जरूरत हो।
Mayday शब्द की उत्पत्ति फ्रेंच शब्द “m’aidez” से हुई है, जिसका अर्थ होता है “मदद कीजिए (Help me)”। इसे तीन बार दोहराया जाता है — “Mayday Mayday Mayday”
विमान जिस बिल्डिंग पर गिरा, उसमें 50-60 डॉक्टर थे
एयर इंडिया का विमान जिस बिल्डिंग से टकराया, वह इंटर्न डॉक्टर्स का हॉस्टल था। जानकारी के मुताबिक यहां 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स थे। सभी के मारे जाने की आशंका है। इससे सटे ब्लॉक में रेजिडेंट डॉक्टर्स रहते थे।