




अभिनव न्यूज़, नेटवर्क। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला समेत 4 अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हो गए हैं। Axiom-4 Mission शुरू हो चुका है। यह मिशन नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा में कॉम्प्लेक्स 39A से लॉन्च किया गया है। मिशन के तहत 4 अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन जा रहे हैं। इस मिशन में शुभांशु शुक्ला पायलट के रूप में काम कर रहे हैं।
जानें भारतीय वायु सेना ने क्या कहा?
“आसमान को जीतने से लेकर सितारों को छूने तक – भारतीय वायुसेना के वायु योद्धा की अदम्य भावना से प्रेरित एक यात्रा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन पर रवाना हुए, जो राष्ट्र के गौरव को पृथ्वी से परे ले जाएगा। यह भारत के लिए एक ऐसा क्षण है, जो स्क्वाड्रन लीडर राकेश शर्मा के मिशन के 41 साल बाद आया है। एक मिशन से कहीं बढ़कर – यह भारत के निरंतर विस्तारित क्षितिज की पुष्टि है।”
अब आगे क्या होगा?
Axiom-4 Mission लॉन्च होने के बाद अब सबके मन में सवाल यह है कि आगे क्या होगा। बता दें कि, अगर सबकुछ तय योजना के मुताबिक हुआ तो गुरुवार की सुबह एक्सिओम 4 के चालक दल का स्वागत अंतरिक्ष प्रयोगशाला में मौजूद सात वर्तमान एस्ट्रोनॉट द्वारा किया जाएगा। सात एस्ट्रोनॉट में तीन अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री, एक जापान के अंतरिक्ष यात्री और तीन रूस के अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं।
शुभांशु शुक्ला बोले- नमस्कार मेरे देश वासियों…
#Axiom4Mission के पायलट, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा, “नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों! क्या सफर है! हम 41 साल बाद वापस अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं। यह एक अद्भुत सफर है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। मेरे कंधों पर मेरा तिरंगा मुझे बताता है कि मैं आप सभी के साथ हूं। यह मेरी यात्रा अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की शुरुआत नहीं है, ये भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि आप सभी इस सफर का हिस्सा बनें। आपका सीना भी गर्व से चौड़ा होना चाहिए…आइए हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत करें। जय हिंद! जय भारत!”
स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हुआ स्पेसक्राफ्ट
Axiom-4 Mission के तहत स्पेस स्टेशन के लिए शुभांशु शुक्ला का स्पेसक्राफ्ट रवाना हो गया है। इस मिशन का संचालन भारत के IAF ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला कर रहे हैं। क्रू कंपनी के फाल्कन 9 रॉकेट पर एक नए स्पेसएक्स ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट पर सवार होकर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा कर रहा है। इस मिशन का नेतृत्व अमेरिका की कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं। हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कपू और पोलैंड के स्लावोज़ उज़्नान्स्की-विस्नीव्स्की मिशन विशेषज्ञ हैं।