September 6, 2025
201

अभिनव न्यूज़, नेशनल डेस्क।  टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। जानी-मानी एक्ट्रेस प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। अचानक हुई इस घटना से टीवी और मराठी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है।

pavitra rishta fame actress lost the battle with cancer

मुंबई में हुआ निधन

जानकारी के अनुसार, प्रिया मराठे का निधन मुंबई के मीरा रोड स्थित उनके घर पर हुआ। उन्हें कुछ साल पहले कैंसर की बीमारी हुई थी। इलाज के बाद वे काफी हद तक ठीक हो रही थीं, लेकिन हाल ही में कैंसर फिर से फैलने लगा। इस बार उनका शरीर इलाज को रिस्पॉन्ड नहीं कर पाया और शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

पवित्र रिश्ता से मिली थी पहचान

प्रिया मराठे को सबसे ज्यादा पहचान टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली थी। इस शो में उन्होंने वर्शा देशपांडे का निगेटिव रोल निभाया था। इसके अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों और शोज में काम किया, जैसे – Char Divas Sasuche, कसम से, कॉमेडी सर्कस के सुपरस्टार्स, उतरन, बड़े अच्छे लगते हैं, भारत का वीर पुत्र – महाराणा प्रताप, सावधान इंडिया, भागे रे मन और साथ निभाना साथिया। उन्हें आखिरी बार साल 2023 में टीवी शो ‘Tuzech Mi Geet Gaat Aahe’ में देखा गया था।

फिल्मों में भी आजमाई थी किस्मत

टीवी के अलावा प्रिया ने फिल्मों में भी काम किया। साल 2008 में वे फिल्म ‘हमने जीना सीख लिया’ में नजर आईं। इसके बाद 2017 में उन्होंने मराठी फिल्म ‘Ti Ani Itar’ में भी काम किया।

निजी जिंदगी

प्रिया मराठे ने अपने लंबे समय के दोस्त और एक्टर शांतनु मोघे से शादी की थी। शांतनु भी टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं। प्रिया सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उन्होंने 11 अगस्त 2024 को आखिरी बार इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया था।